
संतकबीरनगर (उ.प्र.)। शिक्षा क्षेत्र में 40 वर्षों की सफल एवं समर्पित सेवा पूर्ण करने के उपरांत, सहायक निदेशक (JBNSS सोसाइटी), प्रधानाचार्य (यश विद्या मंदिर एवं जेबी एकेडमी) के रूप में उल्लेखनीय कार्य करने के बाद, आज वी.के. जोशी ने उदया इंटरनेशनल स्कूल में “एकेडमिक्स हेड” के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री उदयराज तिवारी ने शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर श्री वी.के. जोशी का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री जोशी अपने विशाल अनुभव के बल पर विद्यालय को नई दिशा प्रदान करेंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय के विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करेंगे।
शिक्षकों ने भी किया स्वागत
विद्यालय के युवा प्रबंधक श्री अंकित तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य विद्यालय को हर दृष्टि से इस क्षेत्र का एक उत्कृष्ट संस्थान बनाना है। उन्होंने सभी के सामूहिक प्रयासों पर बल देते हुए कहा कि हम सब मिलकर विद्यालय के विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगे। श्री वी.के. जोशी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का हर संभव प्रयास करेंगे।





