
बलिया (उ.प्र.)। यहां इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। शहर के पूर्वांचल हॉस्पिटल में कथित लापरवाही और अमानवीयता की ऐसी कहानी सामने आई है जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। पूर्वांचल हॉस्पिटल मे सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान गंभीर लापरवाही के चलते एक जच्चा और उसके दो मासूम जुड़वा बच्चों की मौत हो गई। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि अपनी गलती छिपाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। बच्चे बाथरूम में पड़े मिले।
परिजनों का आरोप है कि नवजात बच्चों के शवों को छिपाने की कोशिश की गई। काफी खोजबीन के बाद उन मासूमों के शव अस्पताल के बाथरूम में लावारिस हालत में फेंके हुए मिले। यह दृश्य देख परिजनों के साथ-साथ वहां मौजूद लोगों की रूह तक कांप उठी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने संबंधित डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है और अस्पताल को सीज कर दिया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसी लापरवाही और अव्यवस्था इतने दिनों से कैसे चल रही थी। अब सवाल यही है कि क्या कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगी या दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी जो स्वास्थ्य माफियाओं के लिए नजीर बन सके।





