
बस्ती (उ.प्र.)। बस्ती में चार दिनों से लापता बस्ती पुलिस के वरिष्ठ उप निरीक्षक अजय कुमार गोंड का शव आज चौथे दिन अयोध्या में सरयू नदी में मिला। ये जिले के परशुरामपुर थाने में वरिष्ठ उप निरीक्षक थे। चार दिन तक काफी खोजबीन और मसक्कत के बाद उनका शव मिलने से पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया है। उनका शव अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के तिहुरा माझा घाट के पास सरयू नदी से बरामद किया गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। ये पांच फरवरी की सायं से ही लापता थे और उनकी बाइक बस्ती में अमहट पुल के पास मिली थी।

पुलिस ने सब इंस्पेक्टर अजय गोंड की पत्नी रंजीता की तहरीर के पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरु की। उन्होंने 5 फरवरी की शाम को आखिरी बार अपनी पत्नी से बात की थी, जिसके बाद उनका फोन बंद हो गया था। उनके पास उस वक्त उनके पर्सनल मोबाइल के अलावा थाने का सीयूजी नंबर भी था। क्योंकि थानाध्यक्ष के अवकाश पर जाने के कारण अजय के पास थानाध्यक्ष का चार्ज भी था। उनकी मोटरसाइकिल अमहट घाट के पास लावारिस हालत में मिली थी। जिसके बाद नदी में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक सदानंद ने बताया कि आज पड़ोसी जनपद अयोध्या में उनका शव मिला और वहां की पुलिस ने बस्ती पुलिस को सूचना दी। उनका शव अयोध्या के तिहुरा माझा घाट स्थित सरयू नदी से बरामद हुआ। उनका परिवार पहले ही उनकी तलाश में बस्ती पहुंच चुका था। शव मिलने की सूचना मिलते ही उनके परिवार को साथ लेकर बस्ती पुलिस ने अयोध्या पहुंच कर शव की शिनाख्त की। उस वक्त भी वे पुलिस वर्दी में ही थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर अन्त्यपरीक्षण हेतु भेज दिया है। परसरामपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक अजय कुमार गोंड का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा मामले की सघन जांच की जा रही है।





