
बस्ती (सू. वि. उ. प्र.)। कलेक्ट्रेट सभागार में आज आई. जी. आर. एस. पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु समीक्षा बैठक का आयोजन जिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। आई. जी. आर. एस. पोर्टल आम नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने का प्रभावी माध्यम उपलब्ध कराता है, अतः प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है कि वह समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से शिकायतों का निस्तारण करें।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से यह निर्देश दिया कि लंबित शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही की जाए और समाधान की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाए। केवल औपचारिक निस्तारण करने के बजाय यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो। उन्होंने कहा कि आई. जी. आर. एस. पोर्टल के प्रकरणों पर लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव निगम, डीएफओ डा. शिरीन, पीडी राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, उमाकान्त तिवारी, हिमांशु कुमार, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीपीआरओ धनश्याम सागर, डीएचओ अरूण त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्य एवं ईडीएम सौरभ द्विवेदी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।