
गोण्डा (उ. प्र.)। जनपद में आज रविवार की सुबह पृथ्वीनाथ मंदिर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो के नहर में पलट जाने से 11 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव के रहने वाले प्रह्लाद गुप्ता अपने परिवार और दोस्तों के साथ बोलेरो से मंदिर जा रहे थे।
पारासराय अलावल देवरिया मार्ग पर इटियाथोक थाना क्षेत्र के रेहरवा गांव के पास सरयू नहर पुल के नजदीक यह हादसा हुआ। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जांच में जुटे हैं। मृतकों में सीहापार गांव के एक ही परिवार के 9 लोग शामिल हैं।
खबर के मुताबिक मोतीगंज थाना के सीहागांव निवासी प्रह्लाद गुप्ता बोलेरो से परिवार व मित्रों के साथ पृथ्वीनाथ मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। पारासराय अलावल देवरिया मार्ग पर रेहरवा गांव स्थित सरयू नहर पुल के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।
बोलेरो में 15 लोग सवार थे, जिसमें से 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष इटियाथोक केजी राव ने बताया कि नहर से 11 शव बरामद किए गए हैं। चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को अन्त्यपरीक्षण हेतु भेज दिया है।