
मुम्बई। ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास एक फास्ट लोकल ट्रेन से 10-12 यात्री गिरने से 6 लोग घायल हुए। इस हादसे में एक यात्री की मौत भी हो गयी है। हादसे की वजह अत्यधिक भीड़ मानी जा रही है। रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह दुखद हादसा मुंब्रा – दिवा रेलवे लाइन पर आज सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। इस घटना में सीएसएमटी की ओर जा रही एक फास्ट लोकल ट्रेन से 10 से 12 यात्री ट्रैक पर गिर पड़े। जानकारी के अनुसार इस हादसे में कम से कम 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यात्री लोकल ट्रेन से गिरे या पुष्पक एक्सप्रेस से। क्योंकि हादसे के वक्त दोनों ट्रेनें वहां से गुजर रही थी। दोनों में यात्रियों की भारी भीड़ थी।
शुरुआती जांच में बताया जा रहा कि पिक हार में कई लोग लोकल ट्रेन पर लटके थे। पुष्पक एक्सप्रेस विपरीत दिशा से जा रही थी। हवा के दबाव से बैलेंस बिगड़ा और यात्री पटरी पर गिर गए। लोकल ट्रेन के अलग – अलग डिब्बों से लोग रेलवे पटरी पर गिरे हैं। बाद में ठाणे के कलेक्टर ऑफिस ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि नौ अन्य घायल हैं।
भीड़ की वजह से हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन में भारी भीड़ थी और कई यात्री दरवाजों पर लटककर यात्रा कर रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को ठाणे सिविल अस्पताल और कल्याण के निजी अस्पतालों में ले जाया गया। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, लेकिन मौत की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारण सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और मुंब्रा-दिवा खंड पर कुछ समय के लिए परिचालन धीमा रहा, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। रेलवे ने सेवाओं को जल्द बहाल करने के लिए कदम उठाए हैं। मुंबई की लोकल ट्रेनों में रोजाना 80 लाख यात्री सफर करते हैं।